अल्मोड़ा – लाइन में फॉल्ट आने से नगर के कई मुहल्लों में बीएसएनएल की लैंड लाइन व इंटरनेट सेवा चार दिनों से तरह ठप पड़ी हैं। 250 से अधिक कनेक्शन शो-पीस बनकर रह गए हैं। इंटरनेट ठप होने से उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, स्कूल-कालेजों में प्रवेश संबंधी ऑनलाइन फॉर्म व अन्य ऑनलाइन संबंधी कार्य नहीं हो पा रहें हैं। उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। आबकारी में सीतापुर अस्पताल के पास कूड़ा निस्तारण के लिए गड्ढा बनाया गया है। जिसमें स्थानीय लोग कूड़ा निस्तारित करते हैं। चार दिन पूर्व गड्ढे में कूड़े के ढेर में आग लग गई। गड्ढे से लगकर गुजर रही बीएसएनएल की अंडर ग्राउंड लाइन आग की चपेट में आने से जल गई। केबिल क्षतिग्रस्त होने से नगर के आबकारी, जरूरी बाजार, खड़ी बाजार, बद्री व्यू आदि मुहल्लों में बीएसएनएल की लैंड लाइन व इंटरनेट सेवा पूरी तरह ठप पड़ गई। 250 से अधिक लैंड लाइन व इंटरनेट संयोजन इससे प्रभावित हुए हैं। वहीं, जमीन के अंदर केबिल के जल जाने से फॉल्ट पकड़ में नहीं आ पाया। जिसके चलते चार दिन बाद भी संचार सेवा सुचारू नहीं होने से उपभोक्ताओं में कड़ी नाराजगी है। जरूरी बाजार निवासी सामाजिक कार्यकर्ता व वरिष्ठ रंगकर्मी पंकज साह ने कहा कि वर्तमान में स्कूल-कालेजों में बच्चों के एडमिशन चल रहें हैं, प्रवेश संबंधी सभी फॉर्म ऑनलाईन भरे जाने है। लेकिन चार-पांच दिनों से फोन व इंटरनेट सेवा ठप पड़े होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जरूरी बाजार के एकमात्र साइबर कैफे में भी नेट नहीं चल रहा। घरों में लोग फोन पर बात नहीं कर पा रहे, नेट नहीं चलने से जरूरी काम प्रभावित हो चले हैं। व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।