चम्पावत – सरपंच संगठन ने प्रस्तावित वन कानून को हटाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रदर्शन किया। संगठन ने भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर लगाम लगाने की मांग की है। बाद में हुई जिला स्तरीय बैठक में संगठन ने वन कानून के खिलाफ लगातार संघर्ष करने का ऐलान किया।
शनिवार को एनेक्सी भवन में सरपंच संगठन ने प्रदर्शन किया। बाद में जिलाध्यक्ष दान सिंह कठायत की अध्यक्षता और कैलाश तलनियां के संचालन में हुई बैठक में संगठन ने केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित वन संसोधन 2019 को काला कानून बताया। कहा कि नये वन कानून के लागू होने से वन पंचायत का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। सरपंचों ने वन कानून को रोकने के लिए सभी से एकजुट होने का आह्वान किया। सरपंचों ने पंचायतों में होने वाले कार्यों में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी में लगाम लगाने की मांग उठाई। मरोड़ाखान में लगे हॉटमिक्स प्लांट को हटाने की भी मांग की। कहा कि संगठन की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर गंगा पाटनी, अनिल जोशी, सरिता सिंह, अंबा दत्त पंत, माधवानंद जोशी, नवीन अधिकारी, बृजेश जोशी, बहादुर सिंह, दीपक टम्टा, शिशुपाल सिंह, गोविंद सिंह, धनी देवी, नरेश चन्द्र मौजूद रहे।
