विनीता खुराना /ऋषिकेश।
ऋषिकेश — बीती रात चोरों ने दो दुकानों के शटर के ताले तोड़ कर हजारों रुपये की नगदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया, जिससे गुस्साए व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की है।
बीती सोमवार की रात तीर्थनगरी के व्यस्ततम मार्गों पर दो दुकानों के ताले टूटने से मुस्तेद पुलिस गश्त की पोल खुल कर सामने आ गयी जिससे व्यापारियों ने पुलिस की मुस्तेदी पर प्रश्नचिन्ह लगा आम सुरक्षा व्यवस्थाओं में लापरवाही बरतने का आरोप लागते हुए पुलिस में देर रात हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। पहली चोरी की घटना त्रिवेणी घाट पुलिस चौकी से महज पचास मीटर की दूरी पर हुई जहां मुख्य बाजार की सड़क पर स्थित प्रकाश जनरल स्टोर के शटर पर लगे दोनों ओर के ताले चोरों द्वारा तोड़ दिये गये तथा दुकान के अंदर रखी शादी में इस्तेमाल होने वाली रुपयों की मालाओं पर हाथ साफ कर दिया, आश्चर्य है कि रात के अंधेरे में पसरे सन्नाटे में शटर के ताले तोड़े जाने की आवाज की भनक महज पचास मीटर दूर स्थित पुलिस चौकी के सिपाहियों व इंचार्ज के कानों तक नही पहुँची ओर चोर बेखौफ दुकान में रखी हजारों रुपये की माला को लेकर चलते बने।
इस सम्बंध में जनरल स्टोर के मालिक ने बताया कि चोरों ने क्या-क्या चोरी किया है फिलहाल आंकलन नही किया जा सकता है समान को चेक करने के बाद ही पता चल पायेगा की कितना आर्थिक नुकसान हुआ है।
वही दूसरी ओर रात को भी व्यस्ततम रहने वाले देहरादून तिराहे के समीप स्थित ऋषिकेश भाजपा मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा के सोमनाथ ट्रांसपोर्ट पर भी चोरों ने सेंध लगा डाली, जिन्होंने ट्रांसपोर्ट के गेट पर लगे लगभग चार तालों को तोड़ डाला ओर ट्रांसपोर्ट के अंदर घुस कर गल्ले में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया, चेतन शर्मा ने बताया कि चोरों द्वारा महज लकड़ी के काउंटर पर बने ग़ल्ले को तोड़ कर नगदी चोरी गयी वही अंदर मौजूद लोहे की अलमारी को चोर तोड़ नही पाये, साथ ही चोरों ने ट्रांसपोर्ट के गोदाम तक मे प्रवेश किया जहां उन्होंने किसी भी तरह का कोई नुकसान नही पहुँचाया।
बहरहाल स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस की मुस्तेदी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाये जाने व चोरों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।
