पिथौरागढ़ – जीआईसी देवलथल से एक साथ सात शिक्षकों का तबादला होने से लोगों में आक्रोश है। अभिभावक व स्थानीय लोग तबादले के विरोध में सडक़ पर उतर आए हैं। उन्होंने नारजगी प्रकट करते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया।रविवार को आक्रोशित लोगों ने सुरेंद्र सिंह बसेड़ा के नेतृत्व में देवलथल बाजार में एकत्र हुए।
उन्होंने यहां सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक साथ सात शिक्षकों का तबादला कर यहां के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम किया है। कहा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के दावे करने वाली सरकार ऐसे निर्णय ले रही है जिससे सीमांत के छात्रों के भविष्य पर संकट के बादल छाने लगे हैं। युवराज सामंत ने कहा सात शिक्षकों का तबादला कर छात्रों के हितों को दरकिनार किया गया है। जिसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा सीमांत के स्कूलों से बिना प्रतिस्थानी के शिक्षकों का तबादला करना सरकार की उदासीनता को साफ दर्शाता है। लोगों ने कहा सरकार और शिक्षा विभाग को छात्रों के हितों से कोई सरोकार नहीं है। मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा सातों शिक्षकों का तबादला नहीं रोका गया तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
