देहरादून – देहरादून शहर से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेसियों ने नगर आयुक्त को घेरकर अपना आक्रोश जताया। कांग्रेसियों ने नगर आयुक्त से कहा कि आखिर विकास कार्यों के टेंडर कराने में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने नगर आयुक्त से साफ कहा कि अगर जल्द ही सभी सौ वार्डों में विकास कार्य के लिए टेंडर नहीं किए तो कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम में धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। मंगलवार को पूर्व विधायक राजकुमार व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा की अगुवाई में कांग्रेस पार्षदों ने नगर आयुक्त से मिलकर अपनी बात को पुरजोर तरीके से रखा।
कांग्रेसियों ने कहा कि नगर निगम के बोर्ड को गठन हुए छह माह से ज्यादा का समय हो चुका है। अभी तक किसी भी वार्ड में नगर निगम के बजट से सडक़, नाली आदि के काम नहीं हुए हैं। नगर निगम में शामिल नए इलाकों में तो डेढ़ साल से विकास कार्य नहीं हुए हैं। इससे पार्षदों को क्षेत्र की जनता की लगातार सुननी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन ने कहा था कि टेंडर जल्द लगा दिए जाएंगे । लेकिन अभी तक सभी वार्डों के इस्टीमेट तक तैयार नहीं हुए हैं।
उन्होंने जल्द इस्टीमेट बनाने के साथ ही टेंडर लगाने की मांग नगर आयुक्त से की और कहा कि शीघ्र ऐसा न होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी। पार्षद अमित भंडारी ने नेहरू कालोनी में अवैध रूप से लग रही ठेलियों को हटाने की मांग की। मौके पर पार्षद डा. विजेंद्र पाल, सोम प्रकाश वाल्मीकि, अनिल क्षेत्री, राजेंद्र खन्ना, अजुर्न सोनकर, मुकेश सोनकर, अमित भंडारी, देविका रानी, सविता सोनकर, राजेंद्र बिष्ट, उदयवीर मल्ल, जागीर खान, विरेंद्र बिष्ट, देवेंद्र कौर, योगेश भटनागर, प्रकाश नेगी, आकाश राणा, तरूण, मालती देवी, निखिल कुमार आदि मौजूद रहे।
