देहरादून
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने मंगलवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत जीवनवाला में संचालित कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सांसद आदर्श गांवों को सभी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जाए। सांसद बसंल ने सांसद आदर्श गांव के हर घर में सोलर लाइट लगाने के लिए उरेडा और विद्युत विभाग को पूरा प्राजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। ताकि आदर्श ग्राम के हर घर में बिजली का बिल शून्य हो और हर परिवार को इसका लाभ मिले। सांसद ने कहा कि इसके लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता पड़ने पर सांसद निधि और सीएसआर फंड से इसकी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सांसद आदर्श ग्रामों में सोलर लाइट के लिए सर्वे कराते हुए एक माह के भीतर इसका प्रस्ताव तैयार करने को कहा। अमृत सरोवर योजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवरों पर पर्यटन गतिविधि संचालित करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने से पहले ग्राम पंचायत में महिला सभा एवं बाल सभा की अलग से बैठक आयोजित की जाए और जीपीडीपी में उनके प्रस्तावों को प्राथमिकता पर शामिल किया जाए। सांसद आदर्श ग्रामों में आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए प्रमुखता से काम किए जाए। सांसद आदर्श ग्राम जीवनवाला और हरिपुर कलां में बैंकिंग सुविधाओं के साथ लोगों के जनधन खाते, पीएम जीवन ज्योति, पीएम जीवन सुरक्षा बीमा से जोड़ा जाए। इस मौके पर डीएम सविन बंसल, सीडीओ अभिनव शाह, एडीएम केके मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीके ढ़ौडियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल आदि मौजूद रहे।

