गुरु पूर्णिमा पर पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी स्थित मां मनसा देवी चरण पादुका मंदिर परिसर में पट्टाभिषेक समारोह में दिल्ली के स्वामी वेदमूर्ति पुरी महाराज का महामंडलेश्वर पद पट्टाभिषेक किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष तथा पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने विधिवत पट्टाभिषेक और चादरपोशी कर उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की। श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि स्वामी वेद मूर्ति पुरी महाराज अब सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का कार्य करेंगे और धर्म की पताका पूरे देश-विदेश में लहराएंगे। अब समय आ गया है कि संत समाज केवल आश्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के चुनावों में संतों को भी सहभागिता निभानी पड़ेगी, ताकि सनातन धर्म के संरक्षण संवर्द्धन और राष्ट्रहित में संतों की आवाज मुखर हो सके। पट्टाभिषेक समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज ने कहा कि सनातन धर्म को सशक्त बनाने के लिए संत समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा। धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए यह समय निर्णायक है। नवनियुक्त महामंडलेश्वर स्वामी वेद मूर्ति पुरी महाराज ने कहा कि अखाड़े की परंपराओं को देश के कोने कोने बढ़ाने का कार्य करेंगे। कार्यक्रम में आरएसएस के क्षेत्रीय प्रमुख पदम सिंह, श्रीमहंत राजगिरि, महंत रवि पुरी, महंत रोहित गिरि उर्फ राधे, पंडित अधीर कौशिक, दशनाम गोस्वामी समाज के राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद गिरि, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष सीमा गिरि, दर्जाधारी मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, डॉ. सुनील कुमार बत्रा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

