हरिद्वार
हरिद्वार जनपद में लगातार मिल रही अनैतिक देह व्यापार व संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) हरिद्वार ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के दिशा-निर्देशन में यह कार्रवाई हरिद्वार देहात क्षेत्र के होटलों, स्पा सेंटर्स, लॉज और ढाबों में की गई।
इस अभियान में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नोडल अधिकारी AHTU, पुलिस उपाधीक्षक और पर्यवेक्षण प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में टीमों ने छानबीन की। रुड़की क्षेत्र के कई होटलों और प्रतिष्ठानों में चेकिंग के दौरान व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए होटल प्रबंधकों को सख्त हिदायतें दी गईं।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने कई होटलों और प्रतिष्ठानों में चेकिंग के दौरान संचालको को निदेशित किया कि प्रत्येक आगंतुक से पहचान पत्र की छायाप्रति अनिवार्य रूप से लेना सुनिश्चित करें, आगंतुकों का पूरा विवरण होटल आगंतुक रजिस्टर में दर्ज किया जाए, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की उपस्थिति पर तत्काल 112 या नजदीकी थाना/कोतवाली को सूचित करें।, विदेशी नागरिक के ठहराव की स्थिति में विशेष रूप से पुलिस को जानकारी दी जाए।
अभियान के दौरान होटल व स्पा सेंटर्स में कार्यरत महिला कर्मचारियों की भी काउंसलिंग की गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी तरह की आपात स्थिति या शंका की स्थिति में महिला हेल्प डेस्क या 112 टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकती हैं।
AHTU हरिद्वार ने स्पष्ट किया है कि ह्यूमन ट्रैफिकिंग के विरुद्ध यह मुहिम सतत जारी रहेगी और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।पुलिस का संदेश स्पष्ट है – किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में म0उ0निरी0 रखी रावत,हेका0 राकेश कुमार,हे0का0सुरजीत, म0 का0 शशिबाला,का0 जयराज भंडारी,का0 दीपक चन्द शामिल रहें ।

