हरिद्वार
कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर स्थित वीआईपी एन्कलेव आवासीय समिति (राजविहार फेस-2) की एक महत्वपूर्ण बैठक और कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और कॉलोनीवासियों ने सर्वसम्मति से वीआईपी एन्कलेव को न केवल हरिद्वार, बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड की सबसे सर्वश्रेष्ठ और आदर्श आवासीय समिति बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलोनी परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुआ। कॉलोनीवासियों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की। इसके पश्चात आपसी सौहार्द और संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से सायंकालीन भोजन करने का निर्णय लिया, जिससे आपसी परिचय और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से समस्त कॉलोनीवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। कॉलोनी के प्रत्येक निवासी ने सहयोग राशि एवं श्रमदान के माध्यम से जिस समर्पण, एकजुटता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है, वह प्रशंसनीय है। आप सभी के सहयोग से ही कॉलोनी को स्वच्छ, सुंदर एवं विकासशील स्वरूप प्रदान करना संभव हो सका है। यह सामूहिक सहभागिता कॉलोनी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।”
समिति के संरक्षक जयपाल शर्मा ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति उसकी एकता में निहित है। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य एक ऐसा वातावरण तैयार करना है जहाँ सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन का मेल हो।
अध्यक्ष सतपाल पुंडीर ने अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा हम वीआईपी एन्कलेव को आधुनिक सुविधाओं से लैस करेंगे। हमारा संकल्प इसे उत्तराखंड की नंबर-1 कॉलोनी बनाना है, जहाँ हरियाली और उत्तम ड्रेनेज सिस्टम मिसाल पेश करेगा।
प्रबंधक संजय खटाना ने प्रबंधन संबंधी बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कॉलोनीवासियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगी।
कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा ने वित्तीय शुचिता पर जोर देते हुए कहा कि कॉलोनी के विकास कोष का एक-एक पैसा कॉलोनीवासियों की सुविधाओं और सौंदर्यीकरण पर खर्च किया जाएगा।
इस अवसर पर समिति के सदस्य अमित कुमार, विष्णु ठेकेदार, नौटियाल जी, आलोक गुप्ता, दीप शर्मा और सुमित भाटिया सहित कॉलोनीवासी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में प्रबंधन समिति के इस संकल्प में अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

