हरिद्वार
धर्मनगरी में मंगलवार को पूरा दिन आसमान में बादल छाए रहे। इस वजह से दिन में तपती धूप से लोगों को राहत मिली। साथ ही सुबह 11 बजे हल्की बूंदाबांदी होने लगी। इसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं बादल छाने से मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकॉर्ड हुई। मंगलवार को सुबह से धूप नहीं निकली। सुबह 11 बजे बूंदाबांदी के बाद दिन भर बारिश भी नहीं हुई। लेकिन बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तामपान में दो डिग्री की गिरावट से मौसम का मिजाज बदल गया। धूप नहीं निकलने की वजह से दोपहर के समय सड़कों पर लोगो की चहलकदमी बनी रही। शाम के समय मौसम सुहावना हो गया। बता दें कि बीती 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। लेकिन पिछले पांच दिनों से धर्मनगरी में बारिश, ओलावृष्टि और आंधी तूफान चलने की वजह से तापमान सामान्य से नीचे पहुंच रहा है। पिछले 10 दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकॉर्ड हुई है।

