क्षेत्र में चोरी और सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिन पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला ग्राम टिकोला कलां का है, जहां चोरों ने बीती 15 जून की रात्रि को जमकर उत्पाद मचाया। चोरों ने गांव के पूर्व ग्राम प्रधान यशपाल सिंह, प्रदीप शर्मा और अक्षय कुमार के खेतों पर लगे ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। चोर तीनों किसानों के ट्यूबवेल से बिजली की कीमती मोटरें चोरी कर ले गए। पीड़ित पूर्व प्रधान यशपाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। दूसरा मामला ग्राम तांशीपुर से सामने आया है। 18 जून को अज्ञात ने गांव के किसान सोमवीर के ट्यूबवेल पर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के सामान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़ित किसान सोमवीर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर भगवान महर ने बताया कि दोनों ही मामलों की जांच की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

