• Home  
  • स्कूटी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, दादा-दादी और पोते की मौत
- उत्तराखंड

स्कूटी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, दादा-दादी और पोते की मौत

हरिद्वार   कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। कांगड़ी फ्लाईओवर पर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे स्कूटी जा टकराई। हादसे में दादा-दादी और उनके छह वर्षीय पोते की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ […]

हरिद्वार

  कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। कांगड़ी फ्लाईओवर पर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे स्कूटी जा टकराई। हादसे में दादा-दादी और उनके छह वर्षीय पोते की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक छा गया। आर्यनगर उर्फ गाजीवाली निवासी वीर सिंह (52) अपनी पत्नी मंजू देवी (50) और छह वर्षीय पोते शिवा सिंह के साथ मंगलवार देर रात दुकान से स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कांगड़ी फ्लाईओवर पर उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना से कुछ समय पहले भी इसी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक अन्य दुर्घटना हुई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रही थी। पहली दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके के लिए रवाना हुई थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही यह दूसरा हादसा हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ दो दुर्घटनाग्रस्त स्कूटियां भी कोतवाली ले आई। जिनमें एक वर्तमान हादसे की और दूसरी इससे पहले हुई दुर्घटना में क्षतिग्रस्त है। फिलहाल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली श्यामपुर परिसर में रखा गया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *