गदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मजराशीला में रविवार देर रात एक युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ग्राम मजराशीला निवासी शरीफ अहमद उर्फ बल्लू पुत्र अब्दुल मलिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार देर रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर के सामने पिता अब्दुल मलिक और भाई मोहम्मद शफीक के साथ बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार कुलवंत सिंह उर्फ कक्का निवासी कामरेड का डेरा, केलाखेड़ा, तहसील बाजपुर वहां पहुंचा।आरोप है कि कुलवंत ने मोटरसाइकिल रोककर पहले तमंचे से हवाई फायर किया। इसके बाद उसने शरीफ अहमद पर जान से मारने की नीयत से दूसरा फायर किया। हालांकि शरीफ अहमद समय रहते मौके से भाग गया, जिससे उसकी जान बच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे होने लगे। बताया गया कि आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर सकेनिया की ओर फरार हो गया। सूचना मिलने पर गदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुका था। पुलिस ने आरोपी कुलवंत सिंह उर्फ कक्का के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गदरपुर कोतवाल भूपेंद्र बृजवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

