देहरादून
किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और खेती से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एवं सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ मोबाइल एप का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित इस किसान-केंद्रित एप को लॉन्च किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीक का बेहतर इस्तेमाल किसानों तक समय पर जरूरी जानकारी और सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कृषि क्षेत्र में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किसानों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान में मददगार साबित होगा।
मौसम से बाजार तक मिलेगी डिजिटल जानकारी
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप में किसानों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल के अनुसार कृषि सलाह तथा कृषि और बाजार से संबंधित सूचनाएं उपलब्ध होंगी।
एप की एक प्रमुख सुविधा एआई आधारित फसल रोग पहचान बताई गई है। इसके जरिए किसान फसल में दिखाई देने वाले रोगों की पहचान और उनसे संबंधित कृषि सलाह प्राप्त कर सकेंगे। इससे समय रहते फसल की समस्या का पता लगाने और संभावित नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा एप में परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। यानी खेत से उत्पाद को बाजार तक पहुंचाने से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए भी किसानों को डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है।
स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को भी जोड़ेगा
‘मनोरमा कृषि रक्षक’ को केवल किसानों तक सीमित नहीं रखा गया है। इसमें स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और किसानों व ग्रामीण उद्यमियों को डिजिटल माध्यम से अधिक अवसरों से जोड़ना है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि एप को किसानों की व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसका व्यापक उद्देश्य कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों को आवश्यक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के अलावा मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत मौजूद रहे।

