रुद्रप्रयाग- प्रमाण पत्र वितरण के साथ ही पांच दिवसीय यूथ रेडक्रॉस स्टडी एवं प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। खेल विभाग के इण्डोर स्टेडियम में आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण एवं रेडक्रॉस सोसाइटी रुद्रप्रयाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर बतौर मुख्य अतिथि एडीएम गिरीश गुणवन्त ने कहा कि आपदा प्रबन्धन में रेडक्रॉस सोसाइटी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग जनपद में आने वाली आपदाओं में करने का आह्वान किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके झा ने कहा कि मानवता की सेवा का नाम ही रेडक्रॉस है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी हरीश चन्द्र शर्मा ने आगन्तुक अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रकट किया। बताया कि इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जनपद के सभी महाविद्यालयों, संस्कृत महाविद्यालय तथा विद्यापीठ स्थित आयुर्वेदिक कालेज के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में पीजी कालेज अगस्त्यमुनि की दीपाली को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी का पुरस्कार दिया गया। जबकि संस्कृत महाविद्यालय विद्यापीठ के आशाीष रावत द्वितीय एवं आयुर्वेदिक कालेज की अर्चना एवं अगस्तयमुनि के सुभाष तृतीय स्थान पर रहे। समापन अवसर पर प्रत्येक विद्यालय को फस्र्ट एड बॉक्स भी वितरित किए गये। इस मौके पर रेडक्रॉस मेनेजिंग कमेटी के चेयरमेन दीपराज बंगारी, उपाध्यक्ष ऊषा चमोला, कोषाध्यक्ष अनूप सेमवाल, सदस्य रवीन्द्र, संजय, बृजभूषण रूद्रदत्त, विषय विशेषज्ञ उत्तरकाशी के जुगलकिशोर तथा पिथौरागढ़ के मनीष कशनियाल मौजूद थे।