रुडकी – युवती को आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाकर पीडि़त परिजनों ने युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सोमवार सुबह सोलानी पार्क स्थित गंगनहर पुल पर कलियर निवासी युवती पहुंची थी। सैर सपाटे के लिए आए लोगों से नजर बचाकर युवती ने रेलिंग से गंगनहर में छलांग लगा रही थी। इसी बीच लोगों की नजर युवती पर पड़ गई थी। लोगों ने युवती को बचाने का प्रयास कर उसका हाथ पकड़ लिया था। लेकिन हाथ छूटने से युवती गंगनहर में डूबकर लापता हो गई थी। आसपास खड़े लोगों ने पूरा घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। मंगलवार को पीडि़त परिजन कोतवाली पहुंचे और गढ़मीरपुर निवासी युवक पर युवती को आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि उक्त युवक के उकसाने से ही युवती ने ऐसा कदम उठाया है। पीडि़त परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी युवक पर कार्रवाई करने की मांग की। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि परिजनों ने युवक के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।