उत्तरकाशी – उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की बडक़ोट शाखा में लगे इंटरनेट के मॉडम वाले बॉक्स में देर रात अचानक आग लग गई। जिसे तत्काल ही पड़ोसियों, पुलिस व फायर ब्रिगेड की मदद से बुझा दिया गया। बैंक के अंदर आग को फैलने से बचा लिया। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को देर रात उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की बडक़ोट शाखा के अंदर इंटरनेट मॉडम वाले बक्से में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद बैंक के अंदर से रोशनदान व खिड़कियों से धुआं आने लगा पड़ोस के होटल वालों ने बैंक के अंदर से धुंआ आते देख तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया। जिसके बाद शीघ्र ही पुलिसकर्मी फायर ब्रिगेड और बैंककर्मी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद बिजली का कनेक्शन काटकर आग को बुझाया गया। आग लगने से यहां लगे इंटरनेट के मॉडम वाला बक्स पूरी तरह जल गया। लेकिन समय रहते आग को बुझा लिया गया और बैंक के अंदर आग को फैलने से बचा लिया गया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो, बैंक में नगदी सहित विभिन्न दस्तावेज को नुकसान पहुंच सकता था। मॉडम में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।