अल्मोड़ा – फायर सर्विस रानीखेत का अग्नि सुरक्षा सप्ताह शुरू हुआ। -आग बुझाने से बेहतर, आग की रोकथाम- थीम पर आधारित सप्ताह की शुरूआत पर फायर कर्मियों नगर व आस-पास जनजागरण रैली निकालकर लोगों को अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति सचेत किया गया। इससे पूर्व शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
एसएसपी के निर्देश पर अग्निशमन सेवा सप्ताह के शुभारंभ पर रविवार को प्रभारी अग्निशमन अधिकारी केशवदत्त तिवारी के नेतृत्व में फायर कर्मियों ने नगर सहित गनियाद्योली, ताड़ीखेत, चिलियानौला, मजखाली आदि क्षेत्रों में जनजागरण रैली निकाली। लोगों को अग्नि दुर्घटनाओं व उनसे निपटने के तरीकों की जानकारी दी गई, अग्निशमन यंत्रों की उपयोगिता भी समझाई गई। ध्वनि विस्तारक यंत्रों, पंपलेट, बैनर आदि प्रचार माध्यमों से भी अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति सतेत किया गया। एफएसओ कुंवर ने बताया कि 20 अप्रैल तक चलने वाले सप्ताह के तहत स्कूलों, बैंकों, व्यवसायिक इकाईयों, औद्योगिक क्षेत्रों आदि संस्थानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया जाएगा। उपकरणों की कार्यशीलता, कार्यप्रणाली व अग्नि रोधक उपायों की जानकारी दी जाएगी। अभियान में सीएफएम मोहन सिंह, चालक राजपाल सिंह, उमेश कुमार, फायर मैन कासिम अली, राजेश कार्की, जयवीर सिंह आदि शामिल रहें।