विकासनगर – औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कई दिनों से लगातार अघोषित बिजली कटौती को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सडक़ों पर फूट पड़ा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम के कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन कर ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पिछले कई दिनों से पांच से सात घंटे की अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। उमस भरी गर्मी के मौसम में पहले ही लोग बेहाल हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति न होने से क्षेत्र में पानी की भी आपूर्ति नहीं हो रही है। जिसके चलते लोगों में आक्रोश फैलता जा रहा है। जिससे गुस्साये भाजपा कार्यकर्ता बुधवार को ऊर्जा निगम के खिलाफ भडक़ उठे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम के कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन कर ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम के अधिकारी जनता को परेशान करने के लिए लगातार बिजली की अघोषित कटौती कर रहे हैं। जिससे लोग परेशान हैं। कहा कि बिजली कटौती का कोई निर्धारित समय नहीं हैं। ऊर्जा निगम के अधिकारी जब चाहें तब बिजली कटौती कर रहे हैं। सुबह से लेकर देर रात तक लगातार बिजली की कटौती की जा रही है। जिससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों में भाजपा के मीडिया प्रभारी अनिल नौटियाल, जिला मंत्री शरद सिंह रावत, हरीश चौहान, नवीन रावत, ताराचंद, बलबहादुर, मदनमोहन, जगत चौहान, विनोद पाल, नरगिश कश्यप, शराफत अली, देवेंद्र थपलियाल, संदीप कुमार आदि शामिल रहे। उधर ऊर्जा निगम के एसडीओ मुकेश कुमार ने प्रदर्शनकारियों को शांत करते हुए कहा कि भगवानपुर के पास लाइन पर पेड गिरने के कारण लाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। जल्द लाइन को ठीककर आपूर्ति सुचारु की जायेगी।