हरिद्वार – ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की पॉश कॉलोनी नया हरिद्वार में बदमाशों ने एक घर में घुसकर जमकर आतंक मचाया। बदमाशों ने दंपति के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद घर की खिडक़ी तोड़ी और अलमारियां भी खंगाली। कुछ न मिलने पर बदमाश खाली हाथ लौट गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।पुलिस के मुताबिक नया हरिद्वार ज्वालापुर में बुजुर्ग बृजमोहन अहुवालिया अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। बुजुर्ग के तीनों बच्चे देहरादून, कनखल में रहते हैं। मंगलवार रात बुजुर्ग दंपति अपने कमरे में जाकर सो गए। रात में ही कुछ बदमाश घर में घुस आए और बुजुर्ग दंपति के कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी और घर में तोडफ़ोड़ की। घर की खिडक़ी तोड़ी गई है और अलमारियों से सामान भी बाहर फेंका गया है। बुधवार सुबह बुजुर्ग दंपति ने किसी तरह पड़ोसियों से अपना गेट खुलवाया। मामले की जानकारी लगते ही रेल चौकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग परिवार से जानकारी जुटाई। रेल चौकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।