रुद्रपुर – रसोइयापुर व सलमती के काश्तकारों ने एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन कर अवैध खनन रोकने की मांग करते हुए गांवों को बाढ़ से बचाने की गुहार लगाई है। रसोइयापुर के ग्रामीणों ने कहा कि कैलाश नदी गांव से 100 मीटर दूरी पर रह गई है। बरसात में गांव में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। ग्राम सलमती व रसोइयापुर के बीच में धड़ल्ले से खनन का कारोबार हो रहा है। उससे रसाइयापुर के काश्तकारों की कृषि भूमि व आबादी को खतरा है। ग्रामीणों के अनुसार अवैध खनन से नदी का रुख गांवों की ओर हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ सुरक्षा के लिए सिंचाई विभाग ने जो अस्थायी कट्टे लगाये और नाला खोदा, उनमें से भी माफिया मिट्टी ले गये। ग्रामीणों ने परमिशन की आड़ में अवैध खनन रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की। यहां अमरजीत सिंह, गुरचरन सिंह, संतोख सिंह, मेहर सिंह, हरजीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, कमलजीत सिंह, सुखदे सिंह, निर्मल सिंह, जसवीर सिंह शामिल रहे।