ऋषिकेश – लगभग तीन सप्ताह बीतने के बाद भी सर्राफा व्यापारी गोलीकांड का खुलासा नहीं हो पाया है। एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें खुलासे में लगाई गई हैं। खुलासा न होने से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। तीर्थनगरी में सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर लाखों की लूट को अंजाम देने वाले बदमाशों को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है। जबकि, गोलीकांड को हुए 19 दिन बीत चुके हैं। अब ऐसे में तीर्थनगरी के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जिससे पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के तमाम दावे खोखले साबित हो रहे हैं। गौरतलब है कि 19 अप्रैल की शाम आठे बजे वीरभद्र स्थित निर्मल बाग में साक्षी ज्वेलर्स के मालिक वीरेंद्र सिंह चौहान को गोली मार कर अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लेकिन घटना के 9 दिन दिन बीत जाने के बाद भी शातिर लुटेरे पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। जांच में लुटेरों की वारदात कैमरों में कैद हुई है। लेकिन उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही है। पुलिस ने मामले में एम्स रोड, आईडीपीएल व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कई बार खंगाली। बाइक सवार बदमाश घटनास्थल के बाद कहीं नजर नही आए, ना ही लूट में प्रयुक्त बाइक का पता चल पाया। अब एसओजी टीम पर सबकी निगाहें हैं।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि गोलीकांड का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस लुटेरों की तलाश में अन्य राज्यों में तहकीकात कर रही है।
