पौड़ी – पौड़ी में उत्तराखंड क्रांति दल के जिलास्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन की एकजुटता और आगामी होने वाले चुनावों में एकजुट होकर पार्टी को जीत दिलाने को लेकर चर्चा हुई। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष का चुनाव भी हुआ। जिसमें मनमोहन पंत को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।रविवार को पौड़ी में आयोजित यूकेडी के जिलास्तरीय एक दिवसीय सम्मेलन में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया।
इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि दल हमेशा प्रदेशवासियों के हितों की लड़ाई लड़ता है। जनता को भी तीसरे फ्रंट की जरूरत महसूस हो रही है। जनता के बीच जाकर उनका विश्वास हासिल करना होगा। इस दौरान पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता एवं जिला चुनाव पर्यवेक्षक शांति प्रसाद भट्ट ने सरकार पर जनता की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कहा कि प्रदेश सरकार ने साजिश के तहत सहकारी बैंक की होने वाली परीक्षाओं के सेंटर प्रदेश से बाहर किए है। उन्होंने सरकार द्वारा जमीन खरीदने में छूट देने के फैसले पर कहा कि सरकार भूमाफियों को संरक्षण देकर प्रदेश की जमीनों को बेचने जा रही है। सम्मेलन में पदाधिकारियों ने आगामी होने वाले पंचायत चुनावों पर भी विस्तार से चर्चा की। पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे प्रदेश में यूकेडी पंचायत चुनावों में मजबूती के साथ लड़ेगी। साथ ही श्रीनगर में होने वाले निकाय चुनाव में भी पार्टी उम्मीदवार उतारेगी। सम्मेलन में जिला चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय प्रवक्ता सुरेश चंद्र जुयाल, जिला संरक्षक मुरारी नौडियाल, जिला संयोजक सुबोध पोखरियाल, विपिन पंत आदि शामिल थे। फोटो-10पीएयू 4.जेपीजीकैप्शन-पौड़ी में आयोजित यूकेडी के सम्मेलन में चुने गए जिलाध्यक्ष अन्य पदाधिकारियों के साथ।
