काशीपुर – पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान मोबाइल टॉवरों से बैट्री चुराने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 16 बैट्री, लेड प्लेटें और दो वाहन बरामद हुए हैं। बुधवार को एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने आईटीआई थाने में गिरोह का खुलासा करते हुए कहा कि रामनगर, काशीपुर, आईटीआई क्षेत्र में लगातार मोबाइल टॉवरों से बैट्री चोरी हो रही थीं। नौ जून 2019 को छतरी चौराहा निवासी हैदर हुसैन पुत्र मुस्तफा हुसैन ने भी आईटीआई थाने में केस दर्ज कराया था।
गिरोह के खुलासे के लिए आईटीआई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह अधिकारी की अगुवाई में टीम का गठन किया गया था। टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन चोर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाये। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर एसआई चंदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम अलीगंज-काशीपुर रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच ठाकुरद्वारा रोड से आ रही महिंद्रा सुप्रो गाड़ी को रोका गया। गाड़ी रुकते ही एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन में बैठे महुवाखेड़ा गंज, जामा मस्जिद निवासी महेश कुमार पुत्र करतार सिंह, रिजवान पुत्र इंतजार, जाहिद पुत्र मोहम्मद अली को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से आठ बैट्री बरामद हुईं। पूछताछ में बताया कि शाकिर और शाहनवाज नाम के कबाडिय़ों को बैट्री बेचते हैं। पकड़े गये महेश की निशानदेही पर पुलिस ने यूपी के कुंडेवाली मिलक, थाना कठघर जिला मुरादाबाद निवासी मो. शाकिर पुत्र मो.इस्लाम, जसपुर के ग्राम राजपुर निवासी शाहनवाज पुत्र रियासत हुसैन को भी पैगा गुरुद्वारे के पास बोलेरो गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया। बोलेरो में आठ बैट्री, छह लेड प्लेटें व अन्य सामान बरामद हुआ। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।
