गुलाम नबी आजाद/डीडवाना
राजस्थान – डीडवाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ट्रैक्टर मय ट्रोली भी बरामद की है। आरोपी सालासर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और आदतन चोर है। इससे पूर्व भी वह कई वारदातों में शामिल रह चुका है। अब पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।आपको बता दें कि क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों के बाद पुलिस ने एक दल का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके तहत पुलिस को ट्रैक्टर ट्रॉली एवं टैंकर की चोरी के एक मामले में सालासर निवासी भागीरथ प्रजापत व रताऊ निवासी भंवर लाल जाट की संलिप्तता का पता लगा। गत 9 जून को पुलिस को भागीरथ प्रजापत के नागौर में होने की सूचना मिली, इस पर पुलिस ने दबिश दी, जिस पर भागीरथ भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने मार्च माह में डीडवाना में ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी करने की बात कबूल की। उसने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले भी उसने एक घर से ट्रेक्टर ट्रॉली चोरी की थी, जिसे वह पुलिस की गाड़ी देख कर निंबी जोधा के पास लावारिस अवस्था में छोड़कर भाग गया।पुलिस के मुताबिक भागीरथ मोटरसाइकिल चोरी व अन्य चोरी के प्रकरण में 4 साल जेल की सजा भी काट चुका है। वह अपने साथी भंवरलाल जाट के साथ नागौर जेल में साथ रहे थे। भंवर लाल के जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों गैंग बनाकर वाहन चोरी कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने दूसरे आरोपी भंवरलाल की तलाश भी शुरू कर दी है।
