बागेश्वर – कोऑपरेटिव सोसाइटी के माध्यम से लोगों का धन हडक़र फरार चल रही प्रबंधक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे तहसील रोड से पकड़ा गया। आरोपी महिला पर खाताधारकों के 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती निवासी सुमन पुत्री पूरन लाल ने कोतवाली में एवर ग्रीन एग्रो मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसाइटी की प्रबंधक सीमा जोशी पत्नी मोहन जोशी, निवासी रुद्रपुर के खिलाफ लिखित तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया कि प्रबंधक ने तहसील रोड में सोसाइटी की ब्रांच खोली थी। जिसमें वह और अन्य लोग अभिकर्ता के रूप में लोगों के खाते खुलवाकर धन जमा करवाते थे। समयावधि पूरी होने के बाद भी सोसाइटी ने खाताधारकों का जमा धन वापस नहीं किया। प्रबंधक खताधारकों का धन हड़प कर कार्यालय बंद कर फरार हो गई। उसकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 409 और 420 में मामला दर्ज किया। एसआई महेंद्र प्रसाद को जांच सौंपी गई। आरोपी को पकडऩे के लिए कोतवाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। जांच में पता चला कि सोसाइटी ने जिले के अलावा गुजरात, अल्मोड़ा में भी खाताधारकों का रुपया गबन किया है। जिले में करीब उन्नीस लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। जांच के बाद मामले में धारा 120 बी और 406 की बढ़ोत्तरी की गई। शनिवार को आरोपी सीमा के जिले में आने की बात पता चली तो पुलिस सर्तक हो गई। एसआई महेंद्र प्रसाद और कल्पना शर्मा ने उसे तहसील रोड से गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकरण मे लिप्त सोसाइटी के डायरेक्टर सिद्धार्थ शर्मा, प्रतीक मिश्रा, पंकज कुमार श्रीवास्तव और चेयरमैन प्रदीप गुप्ता को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
