हरिद्वार – शिवसेना ने मेयर अनिता शर्मा के सफाई अभियान को समर्थन दिया है। शिवसेना के जिला प्रमुख चरणजीत पाहवा ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता मेयर को नगरहित में काम नहीं करने दे रहे हैं। कहा कि भाजपाइयों ने निगम अधिकारियों पर दबाव बनाकर नगर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चौपट कर दिया है। भाजपा नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहे हैं। चेताया कि यदि भाजपा नेताओं ने मेयर को जनसमस्याओं का निराकरण नहीं करने दिया, तो शिवसेना सडक़ों पर प्रदर्शन करेगी।
मीडिया को जारी विज्ञप्ति में चरणजीत पाहवा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की चार दिन की हड़ताल से धर्मनगरी कूड़े के ढेर में तब्दील हो गई है। मेयर नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए स्वयं के खर्च से कूड़ा उठवाकर निस्तारित करा रही हैं, जिसे भाजपा नेता और कार्यकर्ता पचा नहीं पा रहे हैं। भाजपा गंगा के नाम पर भी राजनीति कर रही है। कहा कि भाजपा नगर निगम चुनाव में हार को पचा नहीं पा रही है। कांग्रेस की निर्वाचित मेयर को जनसम्याओं का निराकरण नहीं करने दिया जा रहा है।
