गोपालगंज,
बिहार के गोपालगंज जिले के साधु चौक मोहल्ले में मंडप से ही दूल्हे का अपहरण किया गया। यह घटना देर रात करीब दो बजे की है। इस दौरान दुल्हन और उसके परिजनों के साथ जमकर मारपीट और लूट को भी अंजाम दिया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पहुंच गई। हालांकि, अभी तक दूल्हे को बरामद नहीं किया जा सका है। दूल्हे के अपहरण का आरोप बारात में मनोरंजन के लिए बुलाए गए लौंडा नाच पार्टी के सदस्यों पर लगा है।
पुलिस ने बताया कि दिघवा दुबौली से साधु चौक के सुरेंद्र शर्मा की बेटी की बारात आई थी। शादी समारोह में बारातियों के मनोरंजन के लिए लड़के वालों ने लौंडा नाच पार्टी बुलाई थी। इसी बीच नाच-गाने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। झगड़े के दौरान लौंडा नाच पार्टी के दर्जनों सदस्य दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों के साथ जमकर मारपीट की।
इस हमले में दुल्हन, उसकी मां सहित कई महिलाएं जख्मी हो गईं। हमलावरों ने घर में घुसकर आभूषण और कीमती सामानों की भी लूटपाट की। हालात इतने बेकाबू हो गए कि उन्होंने मंडप में बैठे दूल्हे को भी नहीं छोड़ा और उसकी पिटाई कर जबरन गाड़ी में बिठाकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। दूल्हा अभी भी लापता है और परिजनों की हालत बदहवास है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और शादी का माहौल पूरी तरह मातम में बदल गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी और दूल्हा बरामदगी का आश्वासन दिया है, लेकिन फिलहाल मामला रहस्य बना हुआ है।

