नई दिल्ली,
ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर पाकिस्तान की सच्चाई बताने बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल विदेश रवाना हो गया है। ये प्रतिनिधिमंडल 25 मई से 7 जून तक यूरोप के छह देशों- फ्रांस, इटली, डेनमार्क, इंग्लैंड, बेल्जियम और जर्मनी जाएगा।विदेश जाने से पहले रविशंकर ने कहा कि हम दुनिया को बताएंगे कि भारत शांति और सद्भाव में विश्वास रखता है, लेकिन अगर निर्दोष भारतीयों पर हमला होता है तो उसका जवाब जरूर दिया जाएगा। अगर हमारी बहनों-बेटियों का सिंदूर कोई उजाड़ेगा तो उसे ऑपरेशन सिंदूर के जरिए जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि हम दुनिया को बताएंगे कि आतंकवाद एक वैश्विक कैंसर है और इसका केंद्र पाकिस्तान है। इस आतंकवाद के खिलाफ दुनिया को एकजुट होकर एक ही आवाज में बोलने की जरूरत है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि हमारा संदेश स्पष्ट है। पाकिस्तान आज आतंकिस्तान बन गया है। सभी आतंकवादियों की जड़ें पाकिस्तान में पाई जाती हैं। आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस का हमारा संकल्प पाकिस्तान को कमजोर करेगा और उसके आतंकवाद को खत्म करेगा। ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने के लिए भारत से सभी 7 प्रतिनिधिमंडल रवाना हो चुके हैं। इनमें से 6 प्रतिनिधिमंडल अपने-अपने तय देश पहुंच चुके हैं। दो प्रतिनिधिमंडल 21 मई को, एक 22 मई को, तीन 24 मई को और एक 25 मई को विदेश रवाना हो चुके हैं।
सिराजध्ईएमएस 25मई25

