इस्लामाबाद,
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आसिफ ने अमेरिका पर सीधा आरोप लगाया कि वह पिछले 100 सालों से दुनिया भर में युद्ध भड़काकर अपने हथियारों के कारोबार को बढ़ावा दे रहा है। उनके इस बयान ने इंटरनेट पर भूचाल ला दिया हआसिफ ने वायरल वीडियो में कहा कि अमेरिका ने पिछले 100 सालों में 260 युद्ध लड़े, जबकि चीन ने तीन। अमेरिका पैसा कमाता रहता है, उनका हथियार उद्योग बहुत बड़ा है और उनकी अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है। अफगानिस्तान, सीरिया, मिस्र, लीबिया जैसे देश जो कभी अमीर थे, अब युद्ध लड़कर कंगाल हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका युद्धों में दोनों पक्षों का साथ देकर अपने हथियार उद्योग को चमकाता है, जिसे वे एक ‘स्थापित उद्योग’ मानते हैं।
आसिफ के इस बयान पर सोशल मीडिया में प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग उनके बयान की आलोचना कर रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब पाकिस्तान को अमेरिका से एफ-16 फाइटर जेट खरीदने और आर्थिक मदद लेने में कोई दिक्कत नहीं, तो अब अमेरिका पर उंगली क्यों उठा रहे हैं? एक यूजर ने लिखा- अमेरिका को दोष देना आसान है, लेकिन इनका अपना देश उसी अमेरिका से एफ-16 खरीदकर खुश है। दिलचस्प बात यह है कि कुछ लोग आसिफ के बयान के मूल विचार से सहमत दिखे, लेकिन उन्होंने भी उनकी दोहरी बातों पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा- इस बात में वह सही हैं। कई लोगों ने पाकिस्तान के बदलते रुख पर तंज कसते हुए कहा कि जब पाकिस्तान को मदद चाहिए थी, तब वह अमेरिका के पास भागा। अब जब शांति की बात हो रही है, तो फिर से अमेरिका पर दोष मढ़ रहा है

