चंडीगढ़ ,
पंजाब पुलिस की बर्खास्त कांस्टेबल अमनदीप कौर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। यह कार्रवाई अमनदीप कौर की आलीशान जीवनशैली को लेकर पहले से चल रहे विवाद के बाद हुई है।
खबरों के अनुसार, अमनदीप कौर महंगी गाड़ियों, एक रोलेक्स घड़ी और एक शानदार घर के चलते पहले भी सुर्खियों में थीं। अब विजिलेंस ब्यूरो उनकी संपत्ति के स्रोतों की गहन जांच कर रहा है।
गौरतलब है कि अमनदीप कौर को पहले एक ड्रग्स मामले में निलंबित किया गया था। बठिंडा पुलिस ने उनकी थार गाड़ी की तलाशी के दौरान 17.71 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसके बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
हालांकि, अमनदीप कौर और उनके साथी बलविंदर सिंह को अदालत से जमानत मिल गई थी, लेकिन विजिलेंस ब्यूरो द्वारा आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच शुरू किए जाने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। अब यह देखना होगा कि विजिलेंस जांच में अमनदीप कौर की संपत्ति के बारे में क्या तथ्य सामने आते हैं।

