नईदिल्ली,
एशिया कप 2025 का फाइनल आज (28 सितंबर) दूबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. जिसमें भारत और पाकिस्तान टूर्नामेंट के 41 साला इतिहास में पहली बार आमने सामने होंगे. इस महामुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने नो शेकहैंड पर खुलकर बात की.
उन्होंने कहा कि मैं ने अपने करियर में कभी किसी टीम को विरोधी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करते नहीं देखा, और कहा कि दोनों देशों के खिलाड़ी तब भी हाथ मिलाते थे जब रिश्ते और भी ज्यादा बदतर थे.
सलमान आगा ने कहा, मैंने 2007 में अंडर-16 क्रिकेट खेलना शुरू किया था. मैंने कभी किसी टीम को हाथ मिलाते नहीं देखा. जब भारत-पाक संबंध खराब थे, तब भी हमने हाथ मिलाए थे. इससे यह स्पष्ट हो गया कि भारतीय टीम फाइनल में भी अपनी रणनीति पर कायम रहेगी और वो पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे.
सलमान से हाल के मैचों में पाकिस्तान पर भारत के दबदबे के बारे में भी पूछा गया. जिसके जवाब में उन्होंने कहा, फाइनल दोनों टीमों पर समान दबाव डालता है. हमें इस बात की परवाह नहीं है कि भारतीय मीडिया क्या कहता है. हमारे लिए, यह केवल बुनियादी बातों को सही ढंग से करने के बारे में है.
बता दें कि इस टूर्नामेंट में अब तक दो बार भारत पाकिस्तान आमने सामने आ चुके हैं, ग्रुप स्टेज में भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी जबकि सुपर फोर चरण में 6 विकेट से पाकिस्तान को मात दी थी. कुल मिलाकर भारत एशिया कप 2025 में अब तक सभी छह मैच जीतकर अपराजित है, जबकि पाकिस्तान की टीम भारत से दो बार हार चुकी है.
31 वर्षीय सलमान आगा ने स्वीकार किया कि उनके खिलाड़ियों ने पिछले दो मैचों में कई गलतियां की थी, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वे फाइनल में उन्हें नहीं दोहराएंगे. एशिया कप में अब तक कोई भी बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे पाकिस्तानी कप्तान ने स्वीकार किया कि स्ट्राइक रेट के मामले में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. पाकिस्तानी कप्तान ने छह पारियों में 12.8 की औसत और 78.05 के स्ट्राइक रेट से केवल 64 रन बनाए हैं.
उन्होंने कहा, हां, मैंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है और मेरा स्ट्राइक रेट भी अच्छा नहीं रहा है. 150 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करना जरूरी नहीं है, बल्कि परिस्थिति की जरूरत के अनुसार खेलना जरूरी है.

