टिहरी।
पर्यटन विकास परिषद की पहल पर टिहरी में आयोजित चार दिवसीय एक्रो फेस्टिवल एवं एसआईसी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कोटी कॉलोनी पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम के दौरान टिहरी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के सहयोग से संचालित परियोजनाएं भी शामिल रहीं, जिनका उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, शक्ति लाल शाह, पर्यटन सचिव धीराज गैबरियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलते हैं। उन्होंने पर्यटन विकास परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे और आयोजनों के आयोजन पर जोर दिया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

