हरिद्वार,
एक जरा सी कोशिश संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अरिहंत कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं को पल्स पोलियो अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति हर परिस्थिति में राष्ट्र निर्माण के लिए तत्पर रहती है। राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. आरके सिंह ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अरिहंत कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रबंधन से राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज और देश के हित में कार्य करना ही सच्चे नागरिक की पहचान है।
संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन ‘कल, आज और कल’ थीम पर किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ‘दो बूंद जिंदगी की, हर बच्चे का अधिकार’, ‘तंबाकू मुक्त युवा, देश का सच्चा आधार’ और ‘आओ मिलकर लें संकल्प महान, स्वस्थ बचपन, सशक्त युवा—यही हो विकसित राष्ट्र की पहचान’ जैसे संदेश दिए गए।
उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि राष्ट्र निर्माण के लिए संचालित योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में अपना योगदान दे। आवश्यकता पड़ने पर नागरिकों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) से विनोद कुमारी और तृषा आत्रेय ने छात्र-छात्राओं को COTPA Act, तंबाकू सेवन के दुष्परिणाम तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर अरिहंत कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन दीपक जैन, डायरेक्टर अजय कुमार, संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान सहित रंजन सैनी, अभिषेक गौतम, अनुराग, दीपक, निखिल बिश्नोई, मिथुन कुमार, अशोक कुमार, प्रिंस, आर्यन, अमित, चारु, मनीष कुमार, विजयंत, विपिन, तान्या, गुनगुन, मोनिका, महक और झलक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

