नशीले इंजेक्शन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 10 इंजेक्शन बरामद

हरिद्वार
कनखल पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित दवा के 10 इंजेक्शन बरामद किए। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता और उपनिरीक्षक ललित मोहन पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जगजीतपुर की माया बिहार कॉलोनी स्थित आम के बाग के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के पास से पांच-पांच नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इंजेक्शन पर बुप्रेनोर्फिन (लीजीसिक) 2 एमएल अंकित था।आरोपी इंजेक्शन रखने का लाइसेंस नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने सुमित कुमार और मनीष उर्फ मोनू, निवासी जियापोता कनखल, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने फेरुपुर निवासी अनीश खान से इंजेक्शन लाकर बेचने की बात बताई। एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है। इंजेक्शन की खरीद-फरोख्त के संबंध में जांच की जा रही है।




