लॉगिन | साइन अप

सुबह चार बजे से चला चेकिंग अभियान, 62 वाहनों के चालान

2026-10-24 • UTTARAKHAND • खटाना बुलेटिन
सुबह चार बजे से चला चेकिंग अभियान, 62 वाहनों के चालान
हरिद्वार परिवहन विभाग ने शनिवार सुबह चार बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान 62 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर चार बसों को सीज कर दिया गया। एआरटीओ निखिल शर्मा के अनुसार, अभियान में स्लीपर, लग्जरी और पर्यटक बसों की विशेष रूप से जांच की गई। इस दौरान कई बसों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन, पर्यटक परमिट का निर्धारित उद्देश्य से अलग इस्तेमाल और स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव जैसी कमियां सामने आईं। संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) आनंद वर्धन की टीम ने बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की भी जांच की।वाहनों में रिफ्लेक्टर, फिटनेस प्रमाणपत्र, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसके अलावा व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की जांच करते हुए ओवरलोडिंग तथा दस्तावेजों की कमी मिलने पर भी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग के अनुसार, लंबी दूरी की यात्री बसों में तकनीकी मानकों की अनदेखी यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। इसी को देखते हुए परमिट शर्तों और सुरक्षा नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित होने वाली और बाहर से आने वाली बसों की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp पर शेयर करें