Lorem ipsum dolor sit amet consectetur. Ut tellus suspendisse nulla aliquam Risus rutrum ultrices pretium dolor amet consectetur.
रुडकी – डीएम के आदेश पर एसडीएम और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने लक्सर चीनी मिल की डिस्टिलरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डिस्टिलरी के सभी चारों टैंकर गंदे पानी से भरे पाए गए। इतना गंदा पानी स्टोर कर रखने पर टीम ने नाराजगी जताते हुए इसका तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। किसी स्थानीय व्यक्ति ने डीएम को पत्र भेजकर शिकायत की थी कि लक्सर चीनी मिल की शराब फैक्ट्री से निकलने वाले कैमिकलयुक्त गंदे पानी को क्षेत्र की नदियों, तालाबों और सडक़ किनारे के गड्ढों में डाला जा रहा है। इस पर डीएम ने एसडीएम व तहसीलदार की टीम को निरीक्षण करने के आदेश दिए थे। आदेश पर संयुक्त टीम शनिवार को मौके पर पहुंची और डिस्टिलरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को डिस्टिलरी के गंदे पानी की स्टोरेज के लिए बनाए गए चारों टैंकर पूरी तरह से भरे हुए मिले। टीम ने इतना सारी कैमिकलयुक्त पानी एक साथ स्टोर कर रखने पर कड़ी नाराजगी जताई। टीम ने मौके पर मौजूद डिस्टिलरी के अधिकारी पंकज सक्सेना से पूछा कि इसके बाद निकलने वाले पानी का निस्तारण कैसे होगा। उनका कहना था कि टैंकर खाली होने तक डिस्टिलरी में उत्पादन रोकने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं है। इसके अलावा टीम ने डिस्टिलरी के भीतर और आसपास फैली गंदगी व दुर्गंध पर भी नाराजगी जाहिर करते हुए इसे तुरंत साफ कराने के निर्देश मिल प्रबंधन को दिए हैं। एसडीएम सोहन सिंह ने बताया कि डिस्टिलरी के निरीक्षण में साफ सफाई की कुछ दिक्कतें मिली हैं। डिस्टिलरी प्रबंधन से सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार करने को कहा है। बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी हरिद्वार को भेजी जा रही है।