विकासनगर – अग्निशमन विभाग के अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत जेबीआईटी कॉलेज में कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें अग्निशमन कर्मियों ने छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में आग से राहत और बचाव के गुर सिखाये। मंगलवार सुबह रामपुर स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम का शुभारम्भ अग्निशमन प्रभारी पवन शर्मा ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं व कॉलेज स्टॉफ को अगजनी के दौरान सावधानी व राहत कार्य के गुर सिखाये। कहा कि आग लगने के दौरान समझदारी से काम लेते हुए सबसे पहले अग्निशमन विभाग को सूचना दें। इसके बाद पूर्ण सावधानी के साथ आग को बुझाने व आग में फंसे लोगों को बचाने का भी प्रयास करें। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं के अगजनी सम्बंधित पूछे प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को भी शांत कराया।