कर्नाटक पुलिस को एक लॉरी ड्राइवर ने फोन करके सूचना दी कि भारत के आठ राज्यों में आतंकवादी हमले करने की योजना बना रहे हैं। जिसके बाद से आठ राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। शख्स के दावे के बाद कर्नाटक के डीजीपी-आईजीपी ने संबंधित सात राज्यों डीजीपी को पत्र लिखकर अलर्ट रहने को कहा। हालांकि जांच में यह कॉल फर्जी निकली। पुलिस ने फोन करने वाले 65 साल के सुंदर मूर्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
सुंदर मूर्ति ने कंट्रोल रुम को फोन करके दावा किया था कि आंतकी आठ राज्यों को दहलाने की कोशिश कर सकते हैं। जिसमें तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, केरल, गोवा, पुड्डुचेरी जैसे राज्य शामिल हैं। उसने दावा किया था कि तमिलनाडु में 19 आतंकी छुपे हुए हैं। जिसके बाद कर्नाटक डीजीपी ने संबंधित सभी सात राज्यों को पत्र लिखकर जरूरी कदम उठाने के लिए कहा था।
डीजीपी ने पत्र में लिखा, ‘एक शख्स जिसने दावा किया है कि वह एक लॉरी ड्राइवर है। उसने कंट्रोल रुम में फोन करके बताया कि उसके पास सूचना है कि आठ राज्यों को आतंकी निशाना बना सकते हैं। यह आतंकी हमले ज्यादातर ट्रेन में हो सकते हैं। उसका दावा है कि तमिलनाडु के रामनाथपुरम में इस समय 19 आतंकी मौजूद हैं। कृपया कानून व्यवस्था को बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोकने के लिए तत्काल एहतियातन उपाय उठाए जाएं।’
हालांकि यह खबर फर्जी निकली। इस मामले पर बंगलूरू ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक का बयान आया है। उन्होंने कहा, ‘यह एक झूठी कॉल थी। 65 साल के लॉरी ड्राइवर का नाम सुंदर मूर्ति है और वह एक सेवानिवृत्त सेना का जवान है। उसे फर्जी कॉल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।’आतंकी हमलों की सूचना ऐसे समय पर आई है जब श्रीलंका हमलों के बाद से भारत के तटीय राज्यों में तटरक्षक बल, तटीय समुद्री पुलिस और स्थानीय पुलिस पहले से ही अलर्ट पर हैं। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि श्रीलंका धमाकों में शामिल कुछ आतंकी समुद्री रास्ते से भारत में प्रवेश कर सकते हैं।
बता दें कि पड़ोसी देश में ईस्टर के मौके पर आठ आत्मघाती हमले हुए थे जिसमें 253 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालो में 10 भरतीय भी शामिल थे। वहीं 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इसी बीच श्रीलंका के सुरक्षा बलों ने देश के पश्चिमी हिस्से में वैश्विक आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के घरों पर छापा मारकर दो संदिग्धों को मार गिराया है। सुरक्षा बलों और संदिग्धों के बीच चली मुठभेड़ में ये दोनों मारे गए। इस बात की जानकारी शनिवार को श्रीलंकाई सेना ने दी है।
