नई टिहरी – जिला बार एसोसिएशन टिहरी गढ़वाल की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथग्रहण समारोह में पहुंचे नैनीताल हाइकोर्ट के न्यायाधीश शरद शर्मा ने परिवार के वरिष्ठ सदस्य की भूमिका को अहम बताते हुए अधिवक्ताओं से वरिष्ठ सदस्यों का आदर व सम्मान कर उनके अनुभवों का लाभ लेने की बात कही। शनिवार को जिला बार एसोसिएशन टिहरी गढ़वाल की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को हाईकोर्ट के न्यायाधीश शरद शर्मा ने शपथ दिलाई। अपने सम्बोधन में हाईकोर्ट के जज शरद कुमार शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार परिवार के वरिष्ठ सदस्य की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उसी तरह बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं की भूमिका भी अहम है। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान कर उनके अनुभवों का लाभ लेने की बात कही। इससे पूर्व उन्होंने एसोसिएशन के अध्यक्ष शांतिप्रसाद भट्ट, सचिव राजपाल मियां, सह सचिव संदीप जोशी, कोषाध्यक्ष चंद्रभानु तिवारी आदि को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिला जज कुमकुम रानी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए बार और बैंच के बीच में सामंजस्य स्थापित करने को कहा। इस मौके पर पूर्व महाधिवक्ता उमाकांत उनियाल, राज्यमंत्री अब्बल सिंह बिष्ट, सुरेशचंद जैन, राहुल कुमार श्रीवास्तव, संदीप शर्मा, राजेश कुमार, सोनिया, सुशील बहुगुणा, विजयलक्ष्मी थलवाल, विनोद रतूड़ी, बीना सजवाण, आनंद बैलवाल, रतनमणि थपलियाल, बीना राणा आदि मौजूद थे।