हरिद्वार – नगर निगम ने ज्वालापुर के वार्डों में अभी तक फागिंग शुरू नहीं की है। वहीं इस बार वार्डों में दवा का छिडक़ाव भी नहीं किया जा रहा है। इसके चलते वार्डों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। मच्छरों के कारण कॉलोनियों और मोहल्लों में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।उपनगरी ज्वालापुर के वार्ड लंबे समय से कूड़ा निस्तारण की समस्या से जूझ रहे हैं। अब गंदगी के चलते वार्डों में मच्छरों की भरमार हो गई है। लेकिन नगर निगम ने अब तक वार्डों में फागिंग शुरू नहीं करवाई है। फागिंग और दवा का समय से छिडक़ाव न होने के कारण कॉलोनियों और मोहल्लों में संक्रमण की संभावना प्रबल हो रही है। गौरतलब है कि पिछले साल ज्वालापुर में डेंगू और मलेरिया के सबसे अधिक मामले प्रकाश में आए थे। इसके बावजूद नगर निगम ज्वालापुर में फागिंग और दवाओं के छिडक़ाव को गंभीरता से नहीं ले रहा है। पार्षद अनुज सिंह ने बताया कि नगर निगम को कई बार फागिंग और दवाओं के छिडक़ाव के लिए कहा गया, लेकिन अधिकारी हर बार आश्वासन देकर टाल देते हैं। पार्षद दीपिका, मेहरबान खान, नसरीन, निलोफर, राजेंद्र कटारिया, नेपाल सिंह, जफर आदि ने फागिंग और दवाओं के छिडक़ाव की मांग की है।
अगर किसी वार्ड में फागिंग नहीं हुई है, तो तत्काल फागिंग करने के लिए कहा जाएगा। दवाओं का छिडक़ाव भी कराया जाएगा।
- संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त, हरिद्वार
