रुडकी – पेयजल निर्माण निगम की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। पानी के टूटे कनेक्शनों के कारण जगह-जगह सडक़ पर पानी भर रहा है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर रोष है।नगर में 35 करोड से अधिक की लागत से पेयजल पुर्नगठन योजना पर छ: सालों से कार्य चला है। इस योजना का लाभ अभी तक लोगों नहीं मिल पा रहा है। पेयजल निगम द्वारा नई पाइप लाइन से पानी सप्लाई किए जाने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन यह पानी पूरी तरह से दूषित है और विभिन्न स्थानों पर नालियों पर टूटे संयोजन के जरिए इसमें गंदगी शामिल होती है। कई जगहों सडक़ पर पानी भर जाता है। जिससे राहगीरों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों में पेयजल निगम के प्रति आक्रोश है। स्थानीय मौहल्ला पठानपुरा निवासी नईम अब्बास, रजब अली, रियासत, सलीम अहमद आदि ने क्षेत्रीय विधायक काजी निजामुद्दीन से मांग करते हुए कहा है कि इमामबाडा बाबुल मुराद से लेकर बड़े इमामबाडे तक करीब सौ मीटर सडक का पुनर्निर्माण कराया जाए, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। पेयजल निर्माण निगम के सहायक अभियंता डीएस नेगी का कहना है कि जहां-जहां भी संयोजन टूटे हुए हैं उनको सही कराने के लिए ठेकेदार को सख्त निर्देश दिये गए हैं।