विकासनगर – सेलाकुई पछुवादून ट्रक ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि सेलाकुई में कुछ छोटी कंपनियां निजी दलालों के माध्यम से दूसरे राज्यों से सामान लेकर आ रहे ट्रकों से सेलाकुई स्थित कंपनियों का माल भरवाकर दूसरे राज्यों को भेज रहे हैं। जिससे उनकी एसोसिएशन को भारी नुकसान हो रहा है।
एसोसिएशन ने कहा कि यह सीधा उनके हकों और अधिकारों पर डाका है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।विकासनगर के एक होटल में सेलाकुई पछुवादून ट्रक ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. हारून ने कहा कि एसोसिएशन के चार सौ से अधिक ट्रक हैं। इनसे पूरे भारत में माल भेजा जा रहा है। कहा कि पिछले 21 वर्षों से एसोसिएशन कंपनी मालिकों और ट्रक मालिकों के हित में काम करती आ रही है। कहा कि आज तक कंपनियों व एसोसिएशन के हितों के बीच कभी कोई टकराव नहीं हुआ। लेकिन कुछ छोटी कंपनियां दलालों व परिचितों के माध्यम से बाहरी प्रदेशों से सामान लेकर आ रहे ट्रकों से कंपनियों का माल भेज रही हैं। इससे एसोसिएशन को नुकसान हो रहा है। एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि इंडस्ट्रियों की स्थापना के समय राज्य सरकार का कंपनियों से सत्तर प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने का अनुबंध था। इसके तहत बड़ी कंपनियां अनुबंध के तहत पूरा काम कर रही हैं। लेकिन कुछ छोटी कंपनियां अनुबंध तोड़ रही हैं। कहा कि कंपनियों की स्थापना के समय स्थानीय लोगों ने कंपनियों के लिए अपनी जमीन अपने हितों की रक्षा की शर्त पर दी थी। कहा कि कंपनियों से होने वाले प्रदूषण का नुकसान भी लोगों को उठाना पड़ रहा है। लेकिन कंपनियों से होने वाले लाभ को बाहरी राज्यों के वाहनों को देना गलत है। इसका लाभ स्थानीय लोगों को ही मिलना चाहिए। एसोसिएशन अध्यक्ष हारून ने कहा कि काम पर हमारा अधिकार है। यदि इसे छीनने का प्रयास किया गया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सचिव नवीन जायसवाल, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार रोहिला, उपाध्यक्ष मो.हनीफ, प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष गुलफाम अली, नीरज ठाकुर, रामकुमार सैनी, नवतेज सिंह सैनी, कासिम, सुरजीत सिंह, तेजेंद्र सिंह, राजीव गर्ग, अश्वनी गर्ग, चंद्रकिशोर व मुंतजीर हसन शामिल रहे।
