नई दिल्ली
भारतीय वायु सेना (IAF) के रणनीतिक एयरलिफ्ट विमान आईएल-76 ‘गजराज’ ने 30 मई 2026 को भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को दिल्ली से मंगोलिया पहुंचाने का महत्वपूर्ण मिशन सफलतापूर्वक पूरा किया। विमान ने रातभर की उड़ान के बाद भारतीय समयानुसार सुबह 11:25 बजे मंगोलिया में सुरक्षित लैंडिंग की।
यह विशेष एयरलिफ्ट मिशन भारत और मंगोलिया के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भारतीय वायु सेना ने इस मिशन के माध्यम से भारत सरकार की उन पहलों को समर्थन दिया है, जिनका उद्देश्य मित्र देशों के साथ सांस्कृतिक सहयोग और विरासत के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
वायु सेना के अनुसार, इस अभियान ने राष्ट्रीय उद्देश्यों के समर्थन में भारतीय वायु सेना की रणनीतिक परिवहन क्षमता और दक्षता को एक बार फिर प्रदर्शित किया है। साथ ही यह मिशन भारत की वैश्विक सांस्कृतिक पहुंच और ‘सॉफ्ट पावर’ को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।
भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का मंगोलिया पहुंचना दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगा।

