इस्लामाबाद
, पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने फील्ड मार्शल का पद मिलने के बाद शनिवार रात को डिनर पार्टी दी। इस डिनर में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और पीएम शहबाज शरीफ भी शामिल हुए। पीपुल्स पार्टी के लीडर और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भी डिनर में शामिल हुए। मुनीर ने भारत के साथ संघर्ष के दौरान तेजी से फैसले लेने के लिए पाकिस्तान की लीडरशिप को शुक्रिया कहा। डिनर में पाकिस्तान की सीनेट के अध्यक्ष, नेशनल असेंबली के अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष, वायु सेना प्रमुख, नौसेना प्रमुख, तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। पीएम शहबाज शरीफ रविवार से तुर्किये, ईरान, अजरबैजान और ताजिकिस्तान देशों के दौरे पर जाने वाले हैं। यहां पर भारत के साथ हुए तनाव को लेकर पाकिस्तान के पक्ष रखेंगे। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी थी। इसके साथ ही शरीफ 29-30 मई को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में ग्लेशियर्स पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

