नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर राजघाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बापू के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए उन्हें नमन किया।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी के चिरस्थायी और शाश्वत आदर्श आज भी देश को सही मार्ग दिखा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार न्याय, सद्भाव और मानवता की सेवा पर आधारित भारत के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा, “राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके शाश्वत आदर्श हमारे राष्ट्र का मार्गदर्शन करते रहेंगे। हम उनके सिद्धांतों के प्रति अपनी वचनबद्धता की पुष्टि करते हैं और न्याय, सद्भाव और मानवता की सेवा पर आधारित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।” इस अवसर पर देशभर में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने भी बापू को याद करते हुए उनके सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया।

