• Home  
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर 1 फरवरी को पंजाब का दौरा करेंगे
- देश

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर 1 फरवरी को पंजाब का दौरा करेंगे

नई दिल्ली/पंजाब: प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी 1 फरवरी, 2026 को पंजाब का दौरा करेंगे। इस दौरान वे दोपहर लगभग 3:45 बजे आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां वे हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा, आदमपुर’ रखने की घोषणा करेंगे।यह नामकरण संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के शुभ अवसर पर किया […]

नई दिल्ली/पंजाब:

प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी 1 फरवरी, 2026 को पंजाब का दौरा करेंगे। इस दौरान वे दोपहर लगभग 3:45 बजे आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां वे हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा, आदमपुर’ रखने की घोषणा करेंगे।यह नामकरण संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के शुभ अवसर पर किया जा रहा है। यह कदम पूजनीय संत और महान समाज सुधारक को श्रद्धांजलि स्वरूप है, जिनकी समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारतीय समाज को निरंतर प्रेरणा देती रही हैं। प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान लुधियाना में हलवारा हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे। यह आधुनिक टर्मिनल पंजाब के लिए एक नए प्रवेश द्वार के रूप में विकसित किया गया है और लुधियाना तथा आसपास के औद्योगिक व कृषि क्षेत्रों की बढ़ती हवाई यात्रा आवश्यकताओं को पूरा करेगा। उल्लेखनीय है कि हलवारा में भारतीय वायु सेना का एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन भी स्थित है।पूर्व में लुधियाना के हवाई अड्डे का रनवे सीमित लंबाई का था, जिसके कारण केवल छोटे विमानों का संचालन संभव था। हवाई संपर्क को बेहतर बनाने और बड़े विमानों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है। इसका विस्तारित रनवे अब ए-320 जैसे बड़े विमानों के संचालन में सक्षम है।प्रधानमंत्री के सतत और पर्यावरण-अनुकूल विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप, नए टर्मिनल भवन में कई हरित और ऊर्जा-दक्ष सुविधाएं शामिल की गई हैं। इनमें एलईडी प्रकाश व्यवस्था, इन्सुलेटेड छत, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवेज और जल शोधन संयंत्र, तथा भूनिर्माण के लिए पुनर्चक्रित जल का उपयोग शामिल है। टर्मिनल की स्थापत्य शैली पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है, जिससे यात्रियों को एक विशिष्ट और क्षेत्रीय पहचान से जुड़ा अनुभव प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा पंजाब में बुनियादी ढांचे के विकास, क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *